रामगढ़, झारखंड : झारखंड पेंशनर कल्याण समाज, रामगढ़ के जिला कार्यालय (अनुमंडल परिसर) में भारत के संविधान निर्माता और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष छुन्नू साहू एवं उपाध्यक्ष वृंदावन सिंह द्वारा बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण और उपस्थित पेंशनरों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्य प्रदेश के महू में हुआ था और उनकी जयंती पूरे देश में समता दिवस के रूप में मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब आधुनिक भारत के महान निर्माताओं में से एक थे, जिन्होंने अपने ज्ञान, संघर्ष और दूरदृष्टि से देश की नींव को मजबूत किया।
उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए बाबा साहब के विचारों को याद किया और कहा कि “शिक्षा शेरनी का दूध है, जो पिएगा वही दहाड़ेगा।” साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति तब संभव है, जब महिलाएं शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त हों।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष वृंदावन सिंह, कोषाध्यक्ष छुन्नू साहू, संरक्षक शिवशंकर मोदी एवं दिलीप साहा ने भी डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सभा के अंत में यह निर्णय लिया गया कि मई माह के पहले सप्ताह में छुन्नू साहू के नेतृत्व में चितरपुर प्रखंड में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा तथा वहां पेंशनर कल्याण समाज की नई कमिटी का गठन किया जाएगा।
कार्यक्रम में कार्यालय सचिव अशोक गुप्ता, रामगढ़ प्रखंड अध्यक्ष देवशरण महतो, चितरपुर प्रखंड सचिव रामानंदन सिंह, सुधीर तिवारी, रामप्रसाद महतो, मन नारायणन सिंह सहित कई पेंशनर उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष छुन्नू साहू द्वारा किया गया।