रामगढ़ जिला में गिद्दी-अरगड्डा मार्ग पर टैंकर की टक्कर से दो मजदूरों की मौत, गिद्दी-अरगड्डा मार्ग पर हंगामा व सड़क जाम

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : झारखंड के रामगढ़ जिले में गिद्दी-अरगड्डा मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब एक टैंकर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

मृतकों की पहचान अनिल मुंडा (28) और बबलू बेदिया (27) के रूप में हुई है। दोनों युवक मजदूरी कर रामगढ़ से अपने घर मनुआ लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे सोलर कैपिटल कंपनी के टैंकर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क को दोनों ओर से जाम कर दिया और मुआवजा व आश्रितों को नौकरी देने की मांग करने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने के साथ जाम हटाने का प्रयास शुरू किया। खबर लिखे जाने तक स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश जारी थी।

पुलिस के अनुसार, गिद्दी-अरगड्डा मार्ग पर तीखे मोड़ और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। आसपास स्थित औद्योगिक इकाइयों के कारण यहां ट्रैफिक दबाव भी अधिक रहता है, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है।