धनबाद (झारखंड) : जिले के सोनारडीह क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को उसके घर में घुसकर निशाना बनाया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान शुभम यादव के रूप में हुई है, जो संजीव सिंह के समर्थक और मजदूर संगठन से जुड़े बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, घटना के समय वह अपने बुजुर्ग दादा-दादी के साथ घर में मौजूद थे। इसी दौरान हमलावर अचानक पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में उन्हें तीन गोलियां लगीं।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि आसपास के लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उनका इलाज अशर्फी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की खबर मिलते ही पूर्व मेयर संजीव सिंह अस्पताल पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की. इस हमले के बाद संजीव सिंह के समर्थकों और जनता मजदूर संघ के कार्यकर्ताओं में भारी उबाल देखा जा रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए गए हैं, वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
जांच टीम इस पहलू पर भी काम कर रही है कि घटना के पीछे आपसी रंजिश है या कोई अन्य कारण। फिलहाल पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।