रामगढ़ कैंट (झारखंड) : जिले में नए एसपी के पदभार संभालते ही अपराधियों ने पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी है। मंगलवार को रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर में दिनदहाड़े डकैती की बड़ी घटना के बाद रात होते-होते रामगढ़ शहर के गोलपार इलाके में चोरों ने करीब 10 लाख रुपये की चोरी को अंजाम दे दिया। लगातार हो रही घटनाओं से पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
चोरों द्वारा घर में बिखेरा गया सामान
जानकारी के अनुसार, गोलपार निवासी कपड़ा फेरी व्यवसायी रामप्रवेश साव अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने बिहार गए हुए थे। इसी दौरान बंद पड़े उनके घर को निशाना बनाकर चोरों ने दो कमरों की अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए और लाखों के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोर करीब 6 से 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, लगभग 1.20 लाख रुपये नकद और बिक्री के लिए रखी गई नई कीमती साड़ियां भी ले गए। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने घर की छत पर आराम से खाना खाया और सिगरेट पीने के भी सबूत छोड़े, जिससे साफ है कि उन्हें किसी तरह का डर नहीं था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग लगभग ठप हो चुकी है, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद बुधवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची।
गौरतलब है कि इसी इलाके में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। रामप्रवेश साव के पड़ोसी जावेद के घर से भी कुछ दिन पहले चार मोबाइल चोरी हुए थे, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
लगातार हो रही वारदातों से साफ संकेत मिल रहा है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता में भय का माहौल है। ऐसे में नए एसपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती जिले की सुस्त पड़ी पुलिस व्यवस्था को सक्रिय करना और अपराध पर लगाम लगाना होगा।