बरही में दिनदहाड़े बैंक लूट : हथियारबंद अपराधियों ने सोना और नकदी लेकर फरार

Spread the love

बरही  (हजारीबाग) , झारखंड : हजारीबाग जिले के बरही क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बड़ी बैंक लूट की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा को निशाना बनाते हुए चार हथियारबंद अपराधियों ने करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और लगभग पांच लाख रुपये नकद लूट लिए। चारों अपराधी में कुछ मुँह पर गमछा बंधे हुए और कुछ हेलमेट पहने हुए थे ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार शाम करीब चार बजे बैंक में घुसे बदमाशों ने पहले कर्मचारियों को अपने कब्जे में लिया और उनके साथ मारपीट कर दहशत पैदा कर दी। इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों को मजबूर कर लॉकर खुलवाया और उसमें रखा सोना निकाल लिया। साथ ही काउंटर से नकद राशि भी लूट ली।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सभी अपराधियों ने अपने चेहरे छिपा रखे थे—किसी ने हेलमेट पहना था, तो कोई मास्क और गमछे से चेहरा ढके हुए था। उनके पास देशी हथियार मौजूद थे, जिससे उन्होंने पूरे घटनाक्रम के दौरान बैंककर्मियों को डराए रखा।

लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने बैंक को बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई तुरंत उनका पीछा न कर सके, और मौके से फरार हो गए। बाद में बैंककर्मियों ने किसी तरह बाहर निकलकर पुलिस को सूचना दी।

बताया जा रहा है कि यह बैंक शाखा कुछ महीने पहले ही शुरू हुई थी, ऐसे में इतनी बड़ी घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है।

मामले की पुष्टि करते हुए हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कहा कि पुलिस जांच में जुटी है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।