रामगढ़ (झारखंड) : इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ द्वारा 3 से 8 वर्ष तक के बच्चों के लिए एक विशेष ब्रेन जिम कक्षा का आयोजन कैम्ब्रिज मॉन्टेसरी माइलस्टोन प्री-स्कूल में किया गया। इस सत्र का संचालन चाइल्ड काउंसलर एवं स्पेशल एजुकेटर कनिका दुआ चौधरी द्वारा किया गया।
इस कक्षा का मुख्य उद्देश्य बच्चों के मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना था। वर्तमान समय में बच्चों पर इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए ब्रेन एक्सरसाइज को अत्यंत आवश्यक बताया गया। ये अभ्यास बच्चों की एकाग्रता, समन्वय (कोऑर्डिनेशन) तथा बाएं और दाएं मस्तिष्क के संतुलित विकास में सहायक होते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इनका नियमित अभ्यास बच्चों के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
सत्र के दौरान बच्चों ने विभिन्न रोचक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे उनकी सीखने की क्षमता, सक्रियता और आत्मविश्वास में वृद्धि हुई। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को स्नैक्स और स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। साथ ही अभिभावकों को भी ब्रेन जिम के लाभों के बारे में जागरूक किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक विनीत मारवाह उपस्थित रहे और उन्होंने इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष नमिता श्रॉफ, सचिव जेनेशा वडेरा, कोषाध्यक्ष मेघा बगारिया सहित पिंकी गांधी, जसमीत सोनी एवं नवललीत कौर भी मौजूद रहीं।