विद्यालय के पूर्व छात्र अभिषेक झा का सम्मान
रामगढ कैंट (झारखंड) : श्री कृष्ण विद्या मंदिर उस अविस्मरणीय, गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायक क्षण का साक्षी बना, जब विद्यालय के अत्यंत मेधावी एवं गौरवशाली पूर्व छात्र (एलुमनाई) कैप्टन अमितेश झा अपने पूज्य माताजी श्रीमती कल्पना झा के साथ विद्यालय प्रांगण में पधारे। वर्तमान में वे एंगलो ईस्टर्न शिप मैनेजमेंट, जर्मनी में कैप्टन के पद पर कार्यरत हैं और अंतरराष्ट्रीय समुद्री जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं।
उनका आगमन विद्यालय परिवार के लिए गर्व, प्रेरणा और आत्मगौरव का प्रतीक बन गया। इस अवसर पर विद्यालय के माननीय सचिव विमल किशोर जाजू द्वारा कैप्टन अमितेश झा को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी वैश्विक उपलब्धियों तथा विद्यालय का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने के लिए कृतज्ञता का प्रतीक था।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में कैप्टन अमितेश झा ने विद्यार्थियों को अपने जीवन की यात्रा से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1994 में उन्होंने श्री कृष्ण विद्या मंदिर में शिक्षा ग्रहण करना प्रारंभ किया और 2003 में विद्यालय से उत्तीर्ण हुए। इसके बाद वर्ष 2008 में उन्होंने अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत की और कठोर परिश्रम, अनुशासन एवं समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त की।
उन्होंने अपने शिक्षकों को भावपूर्ण शब्दों में स्मरण करते हुए कहा कि जीवन में सफलता उन्हीं को मिलती है जो चुनौतियों से घबराते नहीं, जोखिम उठाने का साहस रखते हैं और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हैं।
ऐसे प्रतिभाशाली एवं कर्मनिष्ठ पूर्व छात्र न केवल संस्थान का गौरव बढ़ाते हैं, बल्कि वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्तंभ बनकर यह सिद्ध करते हैं कि श्री कृष्ण विद्या मंदिर जैसे संस्थान विश्वस्तरीय व्यक्तित्व निर्माण करने की क्षमता रखते हैं।