कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत बेडवा निवासी 20 वर्षीय मुकेश कुमार महतो का शव गुरुवार को छोटकी डूंडी पहाड़ स्थित जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और शोक का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मुकेश कुमार महतो (पिता– मंगलदेव महतो) मंगलवार को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन की गई, मगर उसका कोई पता नहीं चल सका। बताया जा रहा है कि घर से निकलने से पहले उसका अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह नाराज होकर चला गया था।
गुरुवार की सुबह स्थानीय ग्रामीण जब जंगल की ओर गए, तो उन्होंने छोटकी डूंडी पहाड़ के पास एक नीम के पेड़ से आर्थिंग तार के सहारे लटका शव देखा। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस और स्थानीय लोगों को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया। बाद में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।