उपायुक्त ऋतुराज ने की यूटिलिटी टास्क फोर्स की समीक्षा, लंबित भूमि व एनओसी मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय यूटिलिटी टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न आधारभूत संरचना और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल), पथ निर्माण विभाग, पत्रातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल), इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (जुडको), स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों एवं परियोजनाओं के अधिकारियों से अद्यतन प्रगति रिपोर्ट ली गई।

उपायुक्त ने वनाधिकार अधिनियम (FRA), एनओसी, भूमि अधिग्रहण, भू-हस्तांतरण, ग्राम सभा और अन्य लंबित मामलों की क्रमवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी प्रक्रियाएं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि विकास और जनहित से जुड़ी परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागों और परियोजना अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक बाधा उत्पन्न न हो।

अंचलवार समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों से भूमि संबंधी विवाद, मुआवजा, अतिक्रमण, एनओसी तथा अन्य प्रशासनिक मामलों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मामलों की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने परियोजना अधिकारियों से कहा कि कार्यों के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं और अवरोधों की जानकारी जिला प्रशासन को नियमित रूप से दें, ताकि त्वरित समन्वय और आवश्यक कार्रवाई के माध्यम से उनका समाधान किया जा सके।

बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, जिला स्तरीय पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।