रामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता : रजरप्पा ज्वेलरी लूटकांड में नाजमा खातून और शहनवाज हुसैन गिरफ्तार, छिपाकर रखे गए सोने-चांदी के जेवर बरामद

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने सोमवार को जिला पुलिस कार्यालय रामगढ़ के सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रजरप्पा थाना क्षेत्र में हुए बहुचर्चित ज्वेलरी लूटकांड के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में सोने एवं चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

एसपी ने बताया कि 21 अप्रैल 2026 को रजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में हथियारबंद अपराधियों द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में विष्णु प्रसाद के बयान पर रजरप्पा थाना कांड संख्या 48/2026 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन वत्स के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।

जांच के क्रम में पुलिस ने पहले ही सात अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। उनके पास से लगभग 180 लूटे गए आभूषण, एक पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, तीन दोपहिया वाहन, एक चारपहिया वाहन, दो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त कपड़े बरामद किए जा चुके हैं।

आगे की छापेमारी के दौरान 10 मई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर मुख्य अभियुक्त सुभानी अंसारी उर्फ लल्ला की पत्नी नाजमा खातून और उसके दामाद शहनवाज हुसैन को गिरफ्तार किया गया। दोनों की निशानदेही पर बरकट्ठी स्थित घर में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए लूट के जेवर बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में :

  1. नाजमा खातून (लगभग 40 वर्ष), पत्नी सुभानी अंसारी उर्फ लल्ला, निवासी बरकट्ठी, थाना मांडू (कुजू ओपी), जिला रामगढ़।

  2. शहनवाज हुसैन (24 वर्ष), पिता एहतेशाम अंसारी, निवासी बरकट्ठी, थाना मांडू (कुजू ओपी), जिला रामगढ़।

बरामद आभूषणों में सोने जैसा दिखने वाला हार और दो झुमके (कुल वजन 49 ग्राम) तथा चांदी जैसे धातु के लगभग 134 पीस चूड़ी, कंगन, अंगूठियां और अन्य आभूषण शामिल हैं। चांदी जैसे धातु का कुल वजन लगभग 1.35 किलोग्राम बताया गया है।

एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि इस लूटकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक रजत कुमार (मांडू अंचल), कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, रजरप्पा थाना के रोहित राज सिंह, आशीष कुमार गौतम, नागेंद्र सिंह आजाद तथा रजरप्पा थाना और कुजू ओपी के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।