पतरातू, रामगढ़ (झारखंड) :पतरातू स्थित सरोवर विहार में सोमवार को राज्य स्तरीय इंफ्लुएंसर मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से झारखंड के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना था।
कार्यक्रम में सुदिव्य कुमार सोनू, पर्यटन सचिव मुकेश कुमार, झारखंड टूरिज्म डेवलपमेंट कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक प्रेम रंजन, उप निदेशक राजीव कुमार सिंह, रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज तथा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
अपने संबोधन में पर्यटन मंत्री ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य, घने जंगलों, झरनों और पहाड़ी स्थलों से भरपूर है, लेकिन डिजिटल दुनिया में इसकी पहचान अभी अपेक्षाकृत सीमित है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में अधिकांश पर्यटक सोशल मीडिया और डिजिटल कंटेंट के आधार पर ही यात्रा स्थलों का चयन करते हैं।
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार स्थानीय कंटेंट क्रिएटर्स, व्लॉगर्स, पत्रकारों और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को पर्यटन विभाग के साथ जोड़कर उन्हें साझेदार के रूप में विकसित करना चाहती है। उनके अनुसार, स्थानीय भाषा और अनुभवों के साथ प्रस्तुत की गई सामग्री अधिक प्रभावशाली और विश्वसनीय होती है।
उन्होंने झारखंड को “सेफेस्ट मॉनसून डेस्टिनेशन” के रूप में स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। मंत्री ने कहा कि मानसून के दौरान राज्य के जलप्रपात, जंगल और डैम अपनी सबसे आकर्षक छवि में दिखाई देते हैं, जबकि यहां भूस्खलन जैसी समस्याएं अपेक्षाकृत कम होती हैं।
महिला सुरक्षा पर उन्होंने कहा कि झारखंड सुरक्षित पर्यटन गंतव्य के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना सकता है। उन्होंने महिला कंटेंट क्रिएटर्स से अपने सकारात्मक अनुभव साझा करने की अपील की।
पतरातू पर्यटन क्षेत्र के विकास को लेकर पूछे गए सवालों पर मंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 की तुलना में यहां पर्यटकों की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है। आने वाले समय में क्षेत्र में नई पर्यटन योजनाएं और बुनियादी सुविधाएं दिखाई देंगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इंफ्लुएंसर कार्यक्रम केवल बड़े सोशल मीडिया चेहरों तक सीमित नहीं रहेगा। स्थानीय डिजिटल क्रिएटर्स और पत्रकारों को भी इस पहल से जोड़ा जाएगा। गुणवत्तापूर्ण और प्रभावशाली कंटेंट तैयार करने वालों को विभाग की ओर से आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से आए कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स ने पर्यटन स्थलों के विकास, स्थानीय भागीदारी और पर्यटक सुविधाओं को लेकर अपने सुझाव साझा किए।