रामगढ़ पुलिस की नई पहल ‘प्रहरी’ शुरू, पैदल गश्ती, अड्डेबाजी पर कार्रवाई और एंटी क्राइम चेकिंग से बढ़ेगी सुरक्षा

Spread the love
अभियान में शामिल पुलिस अधिकारी व पुलिस कर्मी 

रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ पुलिस ने जिले में अपराध नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा, अड्डेबाजी पर रोक और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान ‘प्रहरी’ की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य आम लोगों के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाना है।

पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल को तीन प्रमुख भागों में विभाजित किया गया है— पैदल गश्ती, अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान और एंटी क्राइम चेकिंग। यह अभियान जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में नियमित रूप से चलाया जाएगा।

1. पैदल गश्ती से बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी

‘प्रहरी’ अभियान के तहत जिले के सभी थाना और ओपी प्रभारी अपने पुलिस बल के साथ सप्ताह में कम से कम दो दिन निर्धारित मार्गों पर पैदल गश्ती करेंगे। इस दौरान स्कूल, कॉलेज, बाजार, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।

इस गश्ती का उद्देश्य महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक लगाना, सड़क किनारे अवैध पार्किंग हटाना, अतिक्रमण नियंत्रित करना और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाना है। फिलहाल पूरे जिले में ऐसे 76 मार्गों का चयन किया गया है, जहां नियमित पैदल गश्त होगी।

आवश्यकता पड़ने पर रामगढ म्युनिसिपल कौंसिल, रामगढ कैंटोनमेंट बोर्ड और अन्य विभागों का सहयोग भी लिया जाएगा।

2. अड्डेबाजी और नशे के खिलाफ विशेष अभियान

जिले में अपराध और नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने 114 अड्डेबाजी स्थलों की पहचान की है। इन्हें पांच अलग-अलग क्लस्टर में विभाजित किया गया है।

हर थाना क्षेत्र में छापेमारी दल गठित किए गए हैं, जिनमें थाना पुलिस, गश्ती दल, पीसीआर और पैंथर मोबाइल शामिल रहेंगे। इन टीमों द्वारा चिन्हित स्थलों पर लगातार छापेमारी की जाएगी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्तियों का नाम गुंडा पंजी में दर्ज किया जाएगा।

अड्डेबाजी की सूचना आम नागरिक सीधे रामगढ़ पुलिस के व्हाट्सऐप नंबर 9262998529 पर भेज सकते हैं।

3. एंटी क्राइम चेकिंग से अपराधियों पर नजर

सड़क सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए जिले में 69 स्थानों पर एंटी क्राइम चेकिंग की व्यवस्था की गई है। इन स्थानों को A, B और C नामक तीन अलग-अलग योजनाओं में बांटा गया है।

प्रत्येक स्थल पर गठित टीम दिन में कम से कम तीन बार वाहन जांच अभियान चलाएगी। इस दौरान तेज रफ्तार, बिना दस्तावेज वाहन संचालन, संदिग्ध गतिविधियों और अपराधियों की आवाजाही पर निगरानी रखी जाएगी।

आम लोगों से सहयोग की अपील

रामगढ़ पुलिस ने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि ‘प्रहरी’ पहल को और प्रभावी बनाने के लिए लोगों के सुझाव भी आमंत्रित हैं। सुझाव और सूचनाएं व्हाट्सऐप नंबर 9262998529 पर भेजी जा सकती हैं।

पुलिस का मानना है कि इस पहल से जिले में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी, महिलाओं और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी तथा अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।