रामगढ़ कैंट (झारखंड) :पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के बावजूद रामगढ़ टैक्सी मेंस यूनियन ने यात्रियों को राहत देते हुए फिलहाल किराया नहीं बढ़ाने का फैसला किया है। यूनियन ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय आम यात्रियों के हित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
यह निर्णय शुक्रवार 15 मई को झंडा चौक स्थित रामगढ़ टैक्सी मेंस यूनियन कार्यालय में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के सचिव अरुण कुमार सिन्हा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में यातायात प्रभारी गजेंद्र पांडे उपस्थित रहे।
यात्रियों के हित में नहीं बढ़ाया गया किराया
बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन सचिव अरुण कुमार सिन्हा ने कहा कि डीजल और पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि के बावजूद फिलहाल टैक्सी किराया यथावत रखा गया है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में ईंधन के दामों में और बढ़ोतरी होती है तो यूनियन को मजबूरी में किराया बढ़ाने पर विचार करना पड़ सकता है।
छावनी परिषद पर सुविधाएं नहीं देने का आरोप
अरुण कुमार सिन्हा ने कहा कि वाहन चालक छावनी परिषद को हर वर्ष लाखों रुपये पड़ाव शुल्क के रूप में जमा करते हैं, लेकिन इसके बदले बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं। उन्होंने यात्रियों और चालकों के लिए प्रकाश, पेयजल, सफाई और शौचालय जैसी सुविधाओं की व्यवस्था करने की मांग की।
व्यवस्थित पार्किंग की अपील
यूनियन सचिव ने सभी वाहन चालकों से कहा कि वे अपने वाहनों की पार्किंग सुव्यवस्थित ढंग से करें, ताकि यातायात बाधित न हो और आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कई चालक स्वरोजगार के लिए ऋण लेकर वाहन चला रहे हैं और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील
यातायात प्रभारी गजेंद्र पांडे ने कहा कि सुचारु ट्रैफिक व्यवस्था के लिए वाहन चालकों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने चालकों से नियमों का पालन करने और निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करने का आग्रह किया।
बड़ी संख्या में चालक हुए शामिल
बैठक में मो. आदिल, मंटू, दीपक पांडे, सलीम, उलाउद्दीन, पिंटू जायसवाल, विशाल दत्ता, मुन्ना करमाली, साहिल राज, विशाल कुमार राज, मो. इसराइल, प्रदीप कुमार, दिलीप कुमार केसरी, राजेश, विक्रम रवानी, राजकुमार सिंह, नागेश्वर महतो सहित बड़ी संख्या में वाहन चालक और यूनियन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।