रामगढ़ कैंट (झारखंड) : मध्यदेशीय वैश्य समिति, रामगढ़ की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार देर रात गणिनाथ धर्मशाला में धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष रूपेश गुप्ता एवं उनके द्वारा मनोनीत पदाधिकारियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली।
समारोह में पूर्व महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, मध्यदेशीय वैश्य समिति रांची के अध्यक्ष कन्हैया गुप्ता, सचिव शशिभूषण गुप्ता, मध्यदेशीय वैश्य समाज हजारीबाग के संयोजक कृष्णा कुमार गुप्ता, सचिव रणधीर गुप्ता, कुलदीप कृष्णा और अमित कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
गणेश वंदना और दीप प्रज्वलन से शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत भानुजा द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। पूर्व अध्यक्ष गणेश प्रसाद गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार, अध्यक्ष रूपेश गुप्ता, सचिव नरेंद्र गुप्ता एवं अतिथियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
गणिनाथ पब्लिक स्कूल के चेयरमैन नंदकिशोर गुप्ता ने स्वागत भाषण दिया। पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार ने रूपेश गुप्ता को बैज पहनाकर औपचारिक रूप से अध्यक्ष पद का कार्यभार सौंपा। इसके बाद अन्य पदाधिकारियों को भी अतिथियों ने बैज पहनाकर पदभार ग्रहण कराया।
समाज को आगे बढ़ाने का संकल्प
शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने समाज को संगठित कर नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प व्यक्त किया।
महिला समिति गठन की घोषणा
रूपेश गुप्ता ने महिला समिति के गठन की घोषणा करते हुए सुषमा गुप्ता, ममता शरण, बिनीता गुप्ता, संगीता गुप्ता और सोनी गुप्ता को महिला संगठन के गठन की जिम्मेदारी सौंपी।
गणमान्य लोगों ने दी शुभकामनाएं
समारोह में केंद्रीय अध्यक्ष नंदकिशोर गुप्ता, झारखंड सेवा समिति के अध्यक्ष अमित सिन्हा, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष अनमोल सिंह, मुक्तिधाम समिति के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, पटेल सेवा संघ के अध्यक्ष मनोज मंडल, श्याम मंदिर के सचिव अनिल गोयल, रंजन सिंह फौजी, रोटरी रामगढ़ सिटी के विकास अग्रवाल, मालाकार संघ के अध्यक्ष पिंटू मालाकार, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन रामगढ़ के उपाध्यक्ष ऋषि महतो सहित अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने रूपेश गुप्ता को बधाई दी।
बड़ी संख्या में समाज के लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मध्यदेशीय वैश्य समिति रामगढ़ के कई सदस्य, गणिनाथ पब्लिक स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं और समाज के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में रामेश्वर प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।