रामगढ़ (झारखंड) : लंबित दाखिल-खारिज मामलों के शीघ्र निष्पादन और आम नागरिकों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने जिले के सभी अंचलों में विशेष राजस्व कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया है। जिले के सभी अंचलों में 18 से 20 मई 2026 तक तीन दिवसीय विशेष राजस्व कैंप लगाया जाएगा।
तीन दिनों तक अलग-अलग कार्यों का होगा निष्पादन
विशेष कैंप का मुख्य उद्देश्य लंबित दाखिल-खारिज मामलों का निष्पादन, अभिलेखों का सत्यापन, त्रुटियों का निराकरण तथा आम नागरिकों को त्वरित सेवा उपलब्ध कराना है।
जारी आदेश के अनुसार:
18 मई 2026: 30 दिनों और 90 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों का सत्यापन एवं आपत्ति निवारण
19 मई 2026: रसीद एवं अंचल अद्यतन से संबंधित कार्य
20 मई 2026: अन्य राजस्व संबंधी लंबित मामलों का निष्पादन
दस्तावेज सत्यापन और विवादित मामलों की होगी सुनवाई
विशेष कैंप के दौरान अंचल अधिकारी सभी लंबित मामलों में राजस्व दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे और त्रुटियों का निराकरण करेंगे। दाखिल-खारिज से संबंधित आपत्तियों और विवादित मामलों में संबंधित पक्षों को सुनवाई का अवसर देते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त ऑनलाइन लगान निर्धारण से जुड़े मामलों का भी समाधान किया जाएगा। जिन प्लॉटों का लगान अब तक निर्धारित नहीं हुआ है, उन मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए लगान निर्धारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश
उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि विशेष कैंप का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। इसके लिए संबंधित मुखिया और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर लोगों को जागरूक करने को कहा गया है।
अपर समाहर्ता होंगे नोडल पदाधिकारी
विशेष कैंप के सफल संचालन के लिए प्रत्येक अंचल में पर्यवेक्षण पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी पर्यवेक्षण पदाधिकारी अपने-अपने अंचलों में समन्वय स्थापित करते हुए लंबित मामलों की समीक्षा करेंगे और शिविर के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करेंगे।