रामगढ झारखंड व्हीकल चेकिंग ड्राइव : अरगड्डा समेत कई क्षेत्रों में सघन जांच, नियम तोड़ने वालों से ₹1.85 लाख से अधिक जुर्माना वसूला

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज के निर्देश पर शुक्रवार को जिला परिवहन विभाग ने पतरातू प्रखंड के अरगड्डा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान मोटरवाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 1,85,853 रुपये जुर्माना वसूला गया।

जांच अभियान के दौरान वाहनों के टैक्स, इंश्योरेंस, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया गया। इस दौरान कई वाहन चालक जरूरी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके, जबकि कई वाहनों द्वारा मोटरवाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन किया जाता पाया गया।

नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर चालान काटने के साथ-साथ वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, सभी दस्तावेज अद्यतन रखने और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक भी किया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रामगढ़ जिला में इस तरह के जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वाहन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज हमेशा अद्यतन रखकर अपने साथ रखें, ताकि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के साथ सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।