
अशोक अकेला
गोमिया / साड़म (बोकारो), झारखंड : झारखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अनिल पालटा ने शनिवार को गोमिया प्रखंड के साड़म स्थित दिवंगत पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह के आवास पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने स्व. माधव बाबू के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
झारखंड में अपनी ईमानदार और सख्त प्रशासनिक छवि के लिए पहचाने जाने वाले डीजी (रेल) अनिल पालटा का साड़म पहुंचना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। स्थानीय लोगों ने कहा कि जब एक निष्पक्ष और ईमानदार अधिकारी किसी नेता को श्रद्धांजलि देने स्वयं उनके घर पहुंचता है, तो यह उस नेता की सादगी, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रमाण होता है।
अनिल पालटा ने बोकारो के पुलिस अधीक्षक के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान माधव लाल सिंह के साथ बिताए कई संस्मरण साझा किए। उन्होंने कहा कि माधव बाबू जैसे सरल, स्वच्छ छवि वाले और जनता के प्रति समर्पित राजनेता विरले ही देखने को मिलते हैं। उन्होंने कहा कि स्व. माधव लाल सिंह ने हमेशा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और अपने व्यवहार से सभी के दिलों में विशेष स्थान बनाया।
गौरतलब है कि माधव लाल सिंह गोमिया विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे और बिहार तथा झारखंड सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे। अपने सरल स्वभाव, निष्कलंक सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के लिए वे पूरे झारखंड में सम्मानित व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे।