रामगढ़ (झारखंड) :जिले के सरकारी उच्च विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर बुधवार को एक साथ जिले के सभी 80 उच्च विद्यालयों का विशेष औचक निरीक्षण किया गया।
इस अभियान के तहत जिला स्तरीय लगभग 50 वरीय पदाधिकारियों और अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने पूर्वाह्न 11:00 बजे से विभिन्न प्रखंडों में संचालित उच्च विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का बारीकी से आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षाओं में पठन-पाठन की गुणवत्ता, स्मार्ट क्लास का संचालन, मध्याह्न भोजन की पौष्टिकता और स्वच्छता, स्कूल पोशाक व पाठ्यपुस्तकों का वितरण तथा छात्रवृत्ति सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ऋतुराज ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शिक्षा के स्तर में सुधार तभी संभव है जब विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध हों। उन्होंने विद्यालय परिसरों की नियमित साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, क्रियाशील शौचालय, निर्बाध बिजली आपूर्ति और पर्याप्त फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सभी निरीक्षणकर्ताओं को अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट, मार्किंग, ग्रेडिंग और सुधार संबंधी सुझावों सहित जिला शिक्षा पदाधिकारी के आधिकारिक ईमेल पर तत्काल उपलब्ध कराने को कहा गया है।
उपायुक्त Rituraj ने कहा कि रामगढ़ जिले के बच्चों को उत्कृष्ट और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी विद्यालयों की व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।