रामगढ़ (झारखंड) में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

बैठक के दौरान उपायुक्त श्री ऋतुराज ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों एवं संबंधित पदाधिकारियों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

उन्होंने जानकारी दी कि झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए क्वालीफाइंग डेट 01 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, दावा एवं आपत्ति से संबंधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मतदाताओं की मैपिंग, अनमैप्ड मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने की प्रक्रिया तथा वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने से संबंधित जानकारी भी साझा की गई।

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभिन्न श्रेणी के मतदाताओं से संबंधित प्रावधानों की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई। इस दौरान योग्य मतदाताओं को समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रक्रिया में शामिल कराने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

उपायुक्त श्री ऋतुराज ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने तथा पात्र मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की। बैठक के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) की शीघ्र प्रतिनियुक्ति करने का भी आग्रह किया गया।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान करते हुए एसआईआर से संबंधित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान प्रतिनिधियों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की महत्वपूर्ण तिथियां

  • क्वालीफाइंग डेट – 01 अक्टूबर 2026

  • तैयारी, प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग – 20 जून 2026 से 29 जून 2026 तक

  • बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन – 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक

  • मतदान केंद्रों का रैशनलाइजेशन – 29 जुलाई 2026 तक

  • ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन – 05 अगस्त 2026

  • दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की अवधि – 05 अगस्त 2026 से 04 सितंबर 2026 तक

  • दावा एवं आपत्तियों का निष्पादन – 05 अगस्त 2026 से 03 अक्टूबर 2026 तक

  • अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन – 07 अक्टूबर 2026 ।