रामगढ़ कैंट (झारखंड) :रामगढ़ शहर के मेन रोड स्थित बिजूलिया इलाके में एक शराब दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। देर रात अज्ञात बदमाशों ने दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और महंगी शराब की चोरी कर ली।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब चार बजे की बताई जा रही है। सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान का शटर टूटा और थोड़ा खुला देखा, जिसके बाद इसकी सूचना दुकान मालिक को दी गई। सूचना मिलते ही दुकान मालिक और कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जहां दुकान के अंदर सामान बिखरा मिला और चोरी की पुष्टि हुई।
बताया जा रहा है कि चोर दुकान से करीब 1 लाख 80 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इसके अलावा बड़ी मात्रा में महंगी शराब भी चोरी हुई है। शराब से हुए कुल नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नकाबपोश चोर पहले शटर तोड़कर दुकान के अंदर दाखिल हुए और करीब एक घंटे तक अंदर रहकर नकदी और शराब समेटते रहे।
कर्मचारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में लगभग 1.80 लाख रुपये नकद चोरी होने की पुष्टि हुई है। वहीं पुलिस को आशंका है कि चोर चार पहिया वाहन से पहुंचे थे और उसी में सामान लादकर फरार हो गए।
घटना शहर के व्यस्त इलाके में हुई है। ऐसे में इस वारदात ने पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने रात में गश्ती बढ़ाने की मांग की है।