रांची रोड रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग, चैम्बर ने डीआरएम को लिखा पत्र

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने रांची रोड रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को हो रही समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर पूर्व मध्य रेलवे, धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को पत्र भेजकर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।

चैम्बर द्वारा प्रेषित पत्र में कहा गया है कि हाल के दिनों में कई नई सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव के कारण रांची रोड रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। सुबह से देर रात तक ट्रेनों के परिचालन के चलते बड़ी संख्या में यात्री और वाहन स्टेशन परिसर में पहुंच रहे हैं। ऐसे में वाहन पार्किंग स्थल पर लगाई गई रेलिंग के कारण वाहनों के रुकने, यात्रियों के उतरने-चढ़ने तथा सुचारु यातायात संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है। इससे स्टेशन परिसर में भीड़भाड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।

चैम्बर ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि स्टेशन पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा यात्री शेड जैसी आवश्यक सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। इन कमियों के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने रेल प्रशासन से मांग की है कि वाहन पार्किंग स्थल पर लगी रेलिंग की व्यवस्था की पुनः समीक्षा कर यात्रियों एवं वाहन चालकों की सुविधा के अनुरूप आवश्यक सुधार किया जाए। साथ ही स्टेशन पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएं।

चैम्बर ने विश्वास जताया है कि रेल प्रशासन यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक कार्रवाई करेगा, जिससे रांची रोड रेलवे स्टेशन का उपयोग करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।