रामगढ़ (झारखंड) :जिले में विभिन्न आपराधिक मामलों में फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी और लंबित वारंटों के निष्पादन के लिए रामगढ़ पुलिस द्वारा 2 और 3 जून 2026 की रात विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान कुल 19 वारंटों का निष्पादन किया गया, जबकि विभिन्न मामलों में फरार चल रहे 15 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में भुरकुंडा, गोला, बरकाकाना, रजरप्पा, पतरातू और रामगढ़ थाना क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सभी अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व से दर्ज मामलों में न्यायालय द्वारा वारंट जारी किए गए थे या वे विभिन्न मामलों में फरार चल रहे थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराध नियंत्रण, वारंट निष्पादन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। अभियान का उद्देश्य लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाना तथा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना है।
रामगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से भी कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की है।