कुजू (रामगढ), झारखंड : कुजू ओपी क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। गुरुवार शाम करीब 6:40 बजे बाइक सवार दो अपराधियों ने कुजू पब्लिक हाई स्कूल की पूर्व शिक्षिका 80 वर्षीय आशा सहाय के गले से कीमती सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, आशा सहाय सांडी चौक के पास दवा खरीदने के बाद कार से अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वह सांडी के टूटी झरना रोड स्थित मनमोहन नगर गली नंबर-1 में अपने घर के पास कार से उतरीं, पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार दो अपराधियों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन लूट ली और तेज रफ्तार से फरार हो गए।
परिजनों के अनुसार, लूटी गई सोने की चेन की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए, लेकिन अपराधी भागने में सफल रहे।
गौरतलब है कि वर्ष 2020 में भी इसी स्थान के पास बाइक सवार अपराधियों ने आशा सहाय के गले से सोने की चेन लूट ली थी। एक बार फिर हुई इस वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। ज्ञात हो की मंगलवार दो जून को भी कुजू बस्ती निवासी मंदोदरी देवी, पति स्वर्गीय बैजनाथ प्रसाद केशरी से भी उचक्कों ने चेन छीन लिया था ।