रामगढ़. झारखंड : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रामगढ़ स्थित श्री कृष्ण विद्या मंदिर में छात्रों एवं शिक्षकों द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने पर्यावरण को स्वच्छ, हरा-भरा एवं सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी को “वृक्ष है तो जीवन है” का संदेश दिया गया।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य विजय तिवारी, रंजू सिंह तथा शारीरिक शिक्षक मनोरंजन चौधरी की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ग्रीष्मावकाश के दौरान भी विद्यार्थियों ने अपने-अपने घरों में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पोस्टर मेकिंग, पौधारोपण एवं चित्रकला गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सुंदर चित्र बनाकर तथा पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पृथ्वी को हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों की इस पहल को प्रेरणादायक एवं सराहनीय बताया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) एवं सचिव विमल किशोर जाजू ने सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।