रामगढ़ में बेलगाम हुए चेन लुटेरे, एक सप्ताह में पांचवीं व एक दिन में जिला में दूसरी वारदात; मांडू में बुजुर्ग महिला बनी शिकार

Spread the love

मांडू / रामगढ़ ( झारखंड)  : रामगढ़ जिला में चेन स्नेचरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अपराधी बेखौफ होकर एक के बाद एक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस अब तक इन घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफल नहीं हो सकी है। शुक्रवार को मांडू थाना परिसर से कुछ ही दूरी पर स्थित मस्जिद के समीप बाइक सवार अपराधियों ने एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।

पीड़िता की पहचान सेवानिवृत्त मध्य विद्यालय शिक्षक स्वर्गीय सूर्या कुमार गुप्ता की पत्नी सरस्वती देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह इलाज के सिलसिले में रामगढ़ जा रही थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने महिला को संभाला और पुलिस को सूचना दी।

घटनास्थल के पास स्थित मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों संदिग्धों की तस्वीर कैद हो गई है। फुटेज में अपराधी बाइक पर सवार दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने के बाद मांडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

चिंता की बात यह है कि शनिवार सुबह ही रामगढ़ शहर के किला मंदिर के पास वायु सेना के एक अधिकारी की पत्नी से भी चेन छिनतई की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही वारदातों ने जिलेवासियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, पिछले एक सप्ताह के भीतर जिले में चेन छिनतई की यह पांचवीं घटना है। अपराधी लगातार महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बना रहे हैं। इसके बावजूद अब तक किसी बड़े गिरोह का खुलासा नहीं हो पाया है। लगातार बढ़ती घटनाओं से लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

वहीं शुक्रवार को रामगढ़ शहर से एक मोटरसाइकिल चोरी होने की घटना भी सामने आई है। चोरी और छिनतई की बढ़ती घटनाओं ने जिले की कानून-व्यवस्था पर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे थाना क्षेत्र और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी वारदात करने से नहीं हिचक रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि एवं दिन के समय गश्ती बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने तथा चेन स्नेचर गिरोह के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों का मनोबल और बढ़ सकता है।

फिलहाल पुलिस विभिन्न सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी अभियान चला रही है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इन घटनाओं का खुलासा कर अपराधियों को कब तक सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है।