रामगढ़ कैंट, झारखंड : जिले में साइबर अपराधियों की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। आर्मी स्कूल रामगढ़ के प्राचार्य एक ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए। अपराधियों ने केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर उनके मोबाइल में एक संदिग्ध फाइल डाउनलोड करवा दी, जिसके बाद बैंक खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए गए। मामले को लेकर साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है।
प्राचार्य पंकज कुमार जैन ने पुलिस को बताया कि उन्हें कुछ दिन पहले एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि खाते की केवाईसी प्रक्रिया तत्काल पूरी करनी होगी, अन्यथा बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। प्राचार्य ने उसे स्पष्ट किया कि वे स्वयं बैंक जाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर लेंगे।
इसके बावजूद आरोपी ने जल्दबाजी का माहौल बनाते हुए कहा कि केवाईसी अपडेट की समय-सीमा समाप्त होने वाली है। इसके बाद उसने व्हाट्सएप के माध्यम से एक फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करने का आग्रह किया।
व्यस्तता के बीच प्राचार्य ने भेजी गई फाइल डाउनलोड कर ली। फाइल इंस्टॉल होते ही साइबर अपराधियों को मोबाइल तक पहुंच मिल गई। कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से 40 हजार रुपये की निकासी कर ली गई।
मोबाइल पर लेन-देन का संदेश मिलने के बाद उन्होंने तुरंत बैंक अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी। बैंक एवं साइबर पुलिस की तत्परता से खाते को सुरक्षित किया गया और आगे की संभावित निकासी पर रोक लगाई गई।
साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, एपीके फाइल या मोबाइल एप्लिकेशन को डाउनलोड न करें। बैंक संबंधी किसी भी प्रक्रिया को केवल आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल एप या शाखा के माध्यम से ही पूरा करें।