रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ कैंट क्षेत्र में एटीएम कार्ड फंसाकर युवक के खाते से रुपये निकाल लेने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने घटना की लिखित शिकायत रामगढ़ थाना में दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार दुसाध टोला, रामगढ़ निवासी कैलाश माली रविवार की शाम लगभग छह बजे अपने एक मित्र के साथ मेन रोड स्थित यूनियन बैंक के एटीएम में पैसे निकालने गया था। कैलाश ने एटीएम मशीन में अपना कार्ड डालकर सभी आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और पिन नंबर भी दर्ज किया, लेकिन खाते से राशि नहीं निकली।
इसके बाद उसने एटीएम कार्ड निकालने का प्रयास किया, लेकिन कार्ड मशीन में ही फंस गया। इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने उसकी परेशानी देखते हुए एक मोबाइल नंबर दिया और बताया कि यह यूनियन बैंक के हेल्पलाइन का नंबर है। कैलाश ने उक्त नंबर पर संपर्क किया, जहां फोन रिसीव करने वाले व्यक्ति ने उससे कई जानकारियां लीं और आश्वासन दिया कि सोमवार को बैंक शाखा आने पर उसका कार्ड और राशि वापस मिल जाएगी।
कैलाश माली घर लौट गया, लेकिन उसे कुछ संदेह हुआ। करीब डेढ़ घंटे बाद वह दोबारा एटीएम पहुंचा। वहां जाकर उसने देखा कि उसका एटीएम कार्ड मशीन में नहीं था। इसी बीच उसके मोबाइल पर खाते से दो बार राशि निकाले जाने के संदेश प्राप्त हुए। पहली बार 7,000 रुपये और दूसरी बार 1,500 रुपये की निकासी की गई थी।
मैसेज देखने के बाद उसे अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। घटना के बाद कैलाश माली ने देर रात रामगढ़ थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर यह एटीएम कार्ड फंसाकर और फर्जी हेल्पलाइन नंबर के जरिए साइबर ठगी का मामला माना जा रहा है। पुलिस ने लोगों से एटीएम उपयोग के दौरान सतर्क रहने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दिए गए नंबर पर बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है।