गोला में सलाहकार समिति की बैठक, महिला हिंसा से जुड़े 41 मामलों की समीक्षा

Spread the love

गोला (रामगढ़), झारखंड : गोला प्रखंड कार्यालय सभागार में सोमवार को सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जेंडर रिसोर्स सेंटर (गरिमा केंद्र) द्वारा संचालित गतिविधियों, महिला हिंसा से जुड़े मामलों की स्थिति तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के प्रतिनिधि, गोला थाना प्रभारी, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, प्रदान संस्था के प्रतिनिधि, संकुल संगठन के पदाधिकारी तथा सभी पंचायतों की जेंडर सीआरपी उपस्थित रहीं।

बैठक के दौरान जेंडर रिसोर्स सेंटर गोला में अब तक दर्ज महिला हिंसा से संबंधित कुल 41 मामलों की समीक्षा की गई। विभिन्न मामलों की वर्तमान स्थिति, प्रगति एवं उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही उपस्थित सदस्यों को जीआरसी के कार्यों एवं उसके सामाजिक प्रभावों की जानकारी दी गई।

गोला थाना प्रभारी ने जेंडर रिसोर्स सेंटर के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महिला सुरक्षा एवं न्याय से जुड़े मामलों में पुलिस प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी ने भी केंद्र के कार्यों में निरंतर सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया।

बैठक में उप प्रमुख विजय ओझा ने भी अपने स्तर से पूर्ण सहयोग देने की बात कही। उन्होंने गरिमा केंद्र में आरओ फिल्टर आधारित पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल करने तथा इस दिशा में सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर महिलाओं एवं समुदाय से जुड़े मुद्दों के त्वरित समाधान पर जोर दिया गया। उपस्थित सदस्यों ने महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और सहायता सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।