रांची, झारखंड : झारखंड राज्यसभा चुनाव में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार Parimal Nathwani को बड़ी राहत मिली है। उनके नामांकन पत्र पर कांग्रेस की ओर से दर्ज कराई गई सभी आपत्तियों को निर्वाचन अधिकारी ने खारिज कर दिया है और नामांकन को वैध घोषित कर दिया है।
मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच के दौरान परिमल नथवाणी के पर्चे पर कुछ तकनीकी आपत्तियां उठाई गई थीं, जिसके बाद उनके नामांकन को अस्थायी रूप से होल्ड पर रखा गया था। कांग्रेस नेताओं ने नाम की स्पेलिंग में अंतर, हलफनामे में कथित रूप से कुछ जानकारियां अधूरी होने तथा अन्य तकनीकी बिंदुओं को लेकर आपत्ति दर्ज कराई थी।
बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान नथवाणी पक्ष ने सभी बिंदुओं पर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने आपत्तियों को निराधार मानते हुए उनका नामांकन स्वीकार कर लिया।
नामांकन मंजूर होने के बाद अब झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए मुकाबला और रोचक हो गया है। चुनाव मैदान में झामुमो के बैद्यनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा और निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवाणी आमने-सामने हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नामांकन विवाद समाप्त होने के बाद अब सभी दलों का ध्यान आगामी मतदान और विधायकों के समर्थन जुटाने पर केंद्रित होगा। राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान 18 जून को होना है।