रामगढ़ कैंट, झारखंड :चिल्ड्रन्स इस्लामिक ऑर्गेनाइजेशन (CIO) द्वारा आयोजित समर कैंप के तहत बुधवार को बच्चों को रामगढ़ प्रधान डाकघर एवं रामगढ़ थाना का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को विभिन्न सरकारी संस्थानों की कार्यप्रणाली तथा समाज के प्रति उनकी भूमिका से अवगत कराना था।
रामगढ़ प्रधान डाकघर में पोस्टमास्टर जशीम खान एवं मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने बच्चों का स्वागत किया और उन्हें डाकघर के विभिन्न कार्यों, सेवाओं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान बच्चों को बताया गया कि डाक विभाग किस प्रकार देशभर में संचार, बचत, बीमा और अन्य महत्वपूर्ण सेवाएं लोगों तक पहुंचाता है।
भ्रमण के दौरान बच्चों को पत्र लेखन के महत्व से परिचित कराने के लिए डाक विभाग की ओर से पोस्टकार्ड भी वितरित किए गए। साथ ही डाकघर परिवार की ओर से बच्चों के बीच चॉकलेट बांटी गई, जिससे बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला।
चिल्ड्रन्स इस्लामिक ऑर्गेनाइजेशन (CIO) बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्यरत एक संस्था है। यहां मनोरंजन के साथ-साथ शिक्षा, प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाता है। संस्था बच्चों को सकारात्मक वातावरण में सीखने, नई मित्रता बनाने, सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने तथा अपनी प्रतिभाओं को निखारने का अवसर प्रदान करती है।
संस्था द्वारा 6, 7 और 8 जून को समर कैंप का आयोजन किया गया था। इसी क्रम में 10 जून को बच्चों को रामगढ़ प्रधान डाकघर और रामगढ़ थाना का भ्रमण कराया गया। इस शैक्षणिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य बच्चों को यह समझाना था कि विभिन्न सरकारी संस्थान समाज की सेवा और जनहित के कार्यों में किस प्रकार योगदान देते हैं।
बच्चों ने इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए डाकघर की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिलने पर खुशी व्यक्त की।