रामगढ़, झारखंड : श्री मारवाड़ी सत्यनारायण मंदिर एवं धर्मशाला संस्था समिति के सत्र 2026-28 के चुनाव को लेकर धर्मशाला परिसर में चुनाव समिति और प्रत्याशियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता चुनाव प्रभारी गोविंद पी. मेवाड़ ने की, जबकि संचालन श्याम सुंदर परशुरामपुरिया ने किया। चुनाव समिति ने सभी प्रत्याशियों को चुनाव संबंधी नियमों, उपनियमों और आचार संहिता की विस्तृत जानकारी देते हुए शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में चुनाव समिति के सदस्यों गोविंद पी. मेवाड़, श्याम सुंदर परशुरामपुरिया, रमेश बौदिया, किशोर जाजू और उमेश राजगढ़िया ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने संस्था के हित में स्वच्छ, सक्षम और मजबूत नेतृत्व के चयन के लिए निष्पक्ष चुनाव की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर जगदीश प्रसाद गोयल, महावीर खंडेलवाल, गोकुल शर्मा, प्रवीण कुमार अग्रवाल, उपकार कुमार अग्रवाल, सुनील गोयल, विकास साह, विनोद कुमार पंकज, नरेश अग्रवाल, संदीप कुमार अग्रवाल (बबलू) और रोहित कुमार पंसारी सहित कई प्रत्याशी उपस्थित रहे। प्रत्याशियों ने भी चुनाव समिति के दिशा-निर्देशों का समर्थन करते हुए चुनाव को भाईचारे और गरिमा के वातावरण में संपन्न कराने की सहमति जताई।
1,433 मतदाता करेंगे मतदान
चुनाव समिति के अनुसार इस बार कुल 1,433 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 11 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति के गठन के लिए 17 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। प्रत्येक मतदाता को 17 प्रत्याशियों में से 11 उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करना होगा।
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा मतदान
चुनाव 16 जून को धर्मशाला परिसर में प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मतदान समाप्त होने के बाद सायं 6:00 बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव समिति को उम्मीद है कि मतगणना पूरी होने के बाद रात्रि 9:00 बजे तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
बैठक के अंत में रमेश बौदिया ने धन्यवाद ज्ञापन किया। चुनाव समिति ने सभी मतदाताओं से समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा चुनाव को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की।