रेलवे ट्रैक पर युवक की मौत, युवती गंभीर घायल; प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला होने की आशंका

Spread the love

महुदा (धनबाद), झारखंड : आद्रा रेल मंडल के तलगड़िया-महुदा रेलखंड स्थित बारकी सिंहडीह रेलवे पुल के समीप सोमवार तड़के हुई एक दर्दनाक घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती का इलाज धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल में चल रहा है।

मृत युवक

मृतक की पहचान चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डूमरदाहा गांव निवासी श्रीकांत देशवाली के रूप में हुई है। वहीं घायल युवती सरस्वती कुमारी बताई जा रही है, जो धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र के ब्राह्मणडीहा गांव की रहने वाली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब चार बजे रेलवे ट्रैक पर युवक का शव और उसके पास गंभीर रूप से घायल युवती पड़ी मिली। सूचना मिलने पर महुदा आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल युवती को तत्काल इलाज के लिए धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना के बाद आरपीएफ, महुदा थाना और चास मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला प्रेम संबंध से जुड़ा हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक और युवती के बीच लंबे समय से परिचय था। हालांकि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और घायल युवती के बयान के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

बताया जाता है कि मृतक श्रीकांत देशवाली चास-तलगड़िया मार्ग स्थित एक कपड़ा दुकान में कार्यरत था। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय व्यवसायियों और परिचितों ने भी दुख व्यक्त किया है।

पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।