मांडू (रामगढ़), झारखंड: रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूनायत ने बुधवार को मांडू स्थित नवसज्जित पुलिस निरीक्षक कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय एवं आवासीय परिसर का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उद्घाटन के बाद एसपी ने कार्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए कहा कि नए पुलिस निरीक्षक कार्यालय के संचालन से क्षेत्र में पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान, विधि-व्यवस्था का बेहतर संचालन तथा पुलिस और जनता के बीच समन्वय को मजबूत करना विभाग की प्राथमिकता है।
एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील रहते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर कार्य एवं आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवासीय परिसर की साफ-सफाई, रखरखाव तथा आवश्यक मरम्मत कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य वातावरण से पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
उद्घाटन समारोह में आलोक रंजन, रजत कुमार, सदानंद कुमार, आशुतोष कुमार, अविनाश कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने नए कार्यालय के माध्यम से क्षेत्र में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसहभागिता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता भी जताई।
फोटो कैप्शन: मांडू में नवसज्जित पुलिस निरीक्षक कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारी।