मुहर्रम को लेकर रामगढ़ पुलिस अलर्ट, पुलिस केंद्र में मॉक ड्रिल कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : आगामी मुहर्रम पर्व-2026 को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस केंद्र रामगढ़ में विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति या कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस बल को प्रशिक्षित किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों ने संभावित उपद्रव, भीड़ नियंत्रण तथा संवेदनशील परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई से संबंधित विभिन्न अभ्यास किए। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित जवानों एवं पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मुहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा आम लोगों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया।

अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान शांति, सौहार्द और सामाजिक समरसता बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षा तैयारियां की जा रही हैं ताकि मुहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

मॉक ड्रिल में पुलिस बल के जवानों, अधिकारियों तथा अन्य सुरक्षा कर्मियों ने भाग लिया।