कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू स्थित शंकर प्रसाद केशरी एवं विजय प्रसाद केशरी देवी मंडप परिसर में निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर गुरुवार देर शाम श्री खाटू वाले श्याम प्रभु के भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री श्याम परिवार, कुजू की ओर से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
भजन-कीर्तन के दौरान “बलिहारी-बलिहारी बाबा” सहित अनेक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया। श्रद्धालु देर रात तक भजन गंगा में सराबोर होकर बाबा श्याम का गुणगान करते रहे।
कार्यक्रम में पंडित विक्की पांडेय एवं रवि पांडेय ने यजमान अंकित केशरी के हाथों विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। फूलों से सजे श्री श्याम प्रभु के दरबार में पूजन के बाद अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की गई तथा प्रसाद का भोग अर्पित किया गया। इसके उपरांत हवन और आरती का आयोजन हुआ। आरती के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के श्रीचरणों में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर शंकर प्रसाद केशरी, संजय केशरी, विजय केशरी, सुनीता देवी, रेखा देवी, सरिता देवी, ऊषा देवी सहित श्री श्याम परिवार, कुजू के सदस्य एवं बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।