रामगढ़ ( झारखण्ड ) : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत मंगलवार को रामगढ़ जिला समाहरणालय परिसर से व्यापक जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने संयुक्त रूप से दो मतदाता जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाकर मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि जागरूकता वाहनों के माध्यम से जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, ECINET मोबाइल ऐप एवं पोर्टल, मतदाता हेल्पलाइन 1950 सहित निर्वाचन आयोग की विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता समय पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सके।
उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक निर्वाचन संबंधी जानकारी पहुंचाना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन एवं निर्वाचन शाखा के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।