गोला में संदिग्ध मांस व चमड़ा लदा ट्रक और कार जब्त, नमूनों की वैज्ञानिक जांच शुरू

Spread the love

गोला (रामगढ़) झारखंड : रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात संदिग्ध मांस एवं चमड़ा लदे एक ट्रक को पुलिस ने जब्त कर जांच शुरू कर दी है। मामले में ट्रक के साथ चल रही एक संदिग्ध कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। घटना के बाद इलाके में देर रात तक हलचल बनी रही।

जानकारी के अनुसार, ट्रक (WB-19L-8183) के माध्यम से संदिग्ध मांस एवं चमड़ा पश्चिम बंगाल की ओर ले जाए जाने की सूचना पर बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही गोला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को रोककर जब्त कर लिया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि ट्रक के आगे-आगे एक कार चल रही थी, जो उसकी निगरानी कर रही थी। पुलिस ने उस कार को भी जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ट्रक में लदे मांस एवं अन्य सामग्री के नमूने वैज्ञानिक जांच के लिए भेजे गए हैं। साथ ही वाहन से संबंधित सभी दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वाहन में लदी सामग्री की प्रकृति क्या थी और उसे कहाँ ले जाया जा रहा था।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और वैज्ञानिक रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सूचना के आधार पर ट्रक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया है और अब जांच के निष्कर्ष का इंतजार किया जा रहा है।