रामगढ़ कैंट (झारखंड) : श्री श्याम मंदिर, नेहरू रोड की कार्यकारिणी चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन पत्र जमा करने का रविवार को अंतिम दिन रहा। अंतिम दिन भी किसी नए सदस्य ने नामांकन पत्र जमा नहीं किया। चुनाव अधिकारियों के अनुसार जांच के बाद सभी 11 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं।
चुनाव अधिकारी सुरेश बगड़िया एवं राजेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि अब सोमवार को नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि है। इसके बाद आगे की चुनावी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यदि नामांकन वापसी के बाद केवल 11 प्रत्याशी ही मैदान में रहते हैं, तो सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होने की संभावना है।
वैध पाए गए उम्मीदवारों में अध्यक्ष पद के लिए विष्णु पोद्दार, उपाध्यक्ष पद के लिए राजेश अग्रवाल (पथरवा), सचिव पद के लिए तुलसी कुमार अग्रवाल ‘पिंटू’, सह सचिव पद के लिए रोहित कुमार पंसारी तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए संजय अग्रवाल (मथुरा वाले) शामिल हैं।
कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए दिनेश कुमार पोद्दार, ऋषभ अग्रवाल (पटवारी), रोहित कुमार शर्मा, सुनील कुमार अग्रवाल, शंभू कुमार अग्रवाल (पटवारी) और राजकुमार अग्रवाल (विकी) के नामांकन भी वैध पाए गए हैं।
गौरतलब है कि छह अन्य सदस्यों ने नामांकन पत्र तो खरीदे थे, लेकिन उन्होंने निर्धारित अवधि के भीतर अपने नामांकन पत्र जमा नहीं किए। अब सभी की निगाहें नामांकन वापसी की प्रक्रिया पर टिकी हैं, जिसके बाद चुनाव की अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी।