– कुजू से दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार, तीन पिस्टल और 80 कारतूस बरामद
– रांची की ज्वेलरी दुकान में वारदात की तैयारी की सूचना पर हुई कार्रवाई
भुरकुंडा (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़ जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के रिवर साइड स्थित बंद केंद्रीय विद्यालय के समीप सोमवार को पुलिस और कुख्यात प्रिंस खान गिरोह से जुड़े एक अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी शिवराज राम उर्फ शिवा के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ स्थल से दो पिस्टल, 59 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शिवराज राम उर्फ शिवा प्रिंस खान गिरोह का सक्रिय सदस्य है और पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। धनबाद और रांची पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह रांची की एक ज्वेलरी दुकान में बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर रांची और धनबाद पुलिस ने भुरकुंडा थाना क्षेत्र के सयाल शिवाजी रोड से उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान शिवा ने पुलिस को बताया कि उसने भुरकुंडा के बंद केंद्रीय विद्यालय परिसर के पास हथियार छिपाकर रखे हैं। पुलिस जब उसे लेकर वहां पहुंची तो उसने छिपाई गई पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में शिवा के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया।
शिवा की निशानदेही पर पुलिस ने कुजू क्षेत्र से अनीज अंसारी को भी गिरफ्तार किया। उसके पास से एक पिस्टल और 21 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस प्रकार पूरे अभियान में कुल तीन पिस्टल और 80 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, शिवा 14 मई को जेल से बाहर आया था। वह पहले श्रीवास्तव और दुबे गिरोह से जुड़ा रहा, बाद में अपराधी सुजीत सिन्हा के संपर्क में आया और इसके बाद प्रिंस खान गिरोह का सदस्य बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत और एसडीपीओ पतरातू भी घटनास्थल पहुंचे तथा मामले की जांच की। अभियान में धनबाद के मैथन थाना प्रभारी अभिनव कुमार, रांची के लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह सहित पतरातू अनुमंडल के कई थानों की पुलिस शामिल रही।