हजारीबाग (झारखंड) : हजारीबाग पुलिस ने गिद्दी थाना क्षेत्र में कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक स्कॉर्पियो वाहन, एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, दो मैगजीन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 6 जुलाई की रात गुप्त सूचना मिली थी कि सफेद रंग की एक स्कॉर्पियो (पंजीकरण संख्या JH10AR-8705) में सवार कुछ अपराधी हथियारों के साथ गिद्दी से मांडू होते हुए हजारीबाग की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम ने गिद्दी-मांडू मार्ग पर कनकी मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो वहां पहुंची। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर चालक ने वाहन रोक दिया और उसमें सवार लोग भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने पीछा कर दो आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान मोहित सिंह उर्फ कुणाल और भोला उर्फ ओमप्रकाश के रूप में बताई। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने राहुल दुबे गिरोह से जुड़े होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य क्षेत्र में रंगदारी वसूली, फिरौती की मांग और दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं। हालांकि, इन दावों की आगे की जांच की जा रही है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, दो मोबाइल फोन और स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया। इस मामले में गिद्दी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसकी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में बड़कागांव के पुलिस निरीक्षक शाहीद राजा, गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, उरीमारी थाना प्रभारी रथु उरांव, केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडे तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।