पतरातू डैम में पर्यटकों की सुरक्षा होगी और मजबूत, मोटर बोटों के पंजीयन की प्रक्रिया शुरू

Spread the love

इंश्योरेंस के बाद परिवहन विभाग ने शुरू की जांच, नाविकों को मिलेगा लाइफ सेविंग टेक्निक और पावर बोट हैंडलिंग का प्रशिक्षण

रामगढ़ (झारखंड) : राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल पतरातू डैम में नौका विहार करने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अहम पहल की है। अब डैम में संचालित सभी मोटर बोटों का निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप पंजीयन किया जाएगा। विभिन्न नाव समितियों द्वारा बोटों का इंश्योरेंस पूरा किए जाने के बाद झारखंड सरकार के पर्यटन विभाग के निर्देश पर रामगढ़ जिला परिवहन विभाग ने पंजीयन की प्रक्रिया तेज कर दी है।

इसी क्रम में बुधवार को जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने पतरातू डैम पहुंचकर मोटर बोटों का निरीक्षण किया। पंजीयन से पहले उन्होंने प्रत्येक बोट की लंबाई, चौड़ाई, भार वहन क्षमता, इंजन की क्षमता सहित विभिन्न तकनीकी मानकों की बारीकी से जांच की।

परिवहन विभाग की इस पहल से पतरातू डैम में नौका संचालन व्यवस्था अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित होने की उम्मीद है। पंजीयन पूरा होने के बाद सभी मोटर बोटों का आधिकारिक रिकॉर्ड तैयार होगा, जिससे सुरक्षा मानकों के अनुपालन की निगरानी और संचालन व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा।

जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने बताया कि मोटर बोटों के पंजीयन के साथ नाविकों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें लाइफ सेविंग टेक्निक, पावर बोट हैंडलिंग, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उपाय तथा पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि नौका संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशिक्षित नाविक किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई कर पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकेंगे।

गौरतलब है कि पतरातू डैम में वर्षभर बड़ी संख्या में पर्यटक नौका विहार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मोटर बोटों का पंजीयन, इंश्योरेंस और नाविकों का प्रशिक्षण पर्यटन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भरोसेमंद बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान नाविक संघ के अध्यक्ष जियाउल अंसारी, सचिव प्रयाग कुमार, वजीर अंसारी, अब्दुल कलाम सहित अन्य नाविक एवं संबंधित लोग उपस्थित रहे।