रामगढ़ (झारखंड) : इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की ओर से समाज सेवा एवं जनकल्याण के उद्देश्य से मिलोनी क्लब के आसपास स्थित झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों के बीच मच्छरदानी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बरसात के मौसम में मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम के दौरान क्लब की सदस्यों ने जरूरतमंद परिवारों को मच्छरदानियां वितरित कीं और डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। लोगों को घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने तथा मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने की सलाह दी गई। सदस्यों ने बताया कि मच्छरदानी का नियमित इस्तेमाल मच्छरों से होने वाली बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है।
क्लब की ओर से कहा गया कि इस तरह के जनहित कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्षा श्वेता जैन, सचिव नवलजीत कौर, प्रियंका जैन, जसमीत सोनी, रंजू अरोड़ा, नीरू साहनी, गुरबख्श सैनी एवं ममता अग्रवाल उपस्थित रहीं।