रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित चुट्टूपालु घाटी में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। एलपीजी गैस से लदे टैंकर का ब्रेक फेल होने के बाद चालक की सूझबूझ से संभावित बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने ओवरटेक करने के प्रयास में दो कारों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि राहत की बात यह रही कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
सुबह करीब 9:30 बजे एलपीजी गैस टैंकर (NL 01L 1412) का ब्रेक अचानक फेल हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने वाहन को सड़क किनारे सुरक्षित करने का प्रयास किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रेलर (CG 10S1519) ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही मारुति डिजायर (JH02BZ6481) तथा हुंडई क्रेटा (JH02BN4677) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
दुर्घटना के बाद चुट्टूपालु घाटी में कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।