रामगढ़ (झारखंड) : जिले में चल रही आधारभूत संरचना एवं जनहित की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर शनिवार को उपायुक्त श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय यूटिलिटी टास्क फोर्स की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों और परियोजनाओं से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा बैठक में सीसीएल, विभिन्न कोयला परियोजनाओं, पथ निर्माण विभाग, पीवीयूएनएल, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य एजेंसियों के प्रतिनिधियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। इस दौरान वनाधिकार अधिनियम (एफआरए), भूमि अधिग्रहण, भू-हस्तांतरण, अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी), ग्रामसभा की प्रक्रिया एवं अन्य लंबित प्रशासनिक मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास कार्यों से जुड़े सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए ताकि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि जनहित की योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
बैठक के दौरान सभी अंचल अधिकारियों से उनके क्षेत्र में चल रही परियोजनाओं की प्रगति, भूमि विवाद, मुआवजा वितरण, अतिक्रमण, एनओसी एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने नियमित अनुश्रवण करते हुए प्रत्येक मामले का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने परियोजना अधिकारियों से यह भी कहा कि कार्य निष्पादन के दौरान यदि किसी प्रकार की तकनीकी, प्रशासनिक अथवा अन्य समस्या सामने आती है तो उसकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समन्वित प्रयासों से उसका शीघ्र समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन और परियोजना प्रबंधन के बीच बेहतर तालमेल से विकास कार्यों में गति आएगी और इसका सीधा लाभ जिले के लोगों को मिलेगा।
बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, जिला स्तरीय पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।