गिद्दी (हज़ारीबाग), झारखंड :भाकपा (माले) और बिहार कोलियरी कामगार यूनियन (बीसीकेयू) के वरिष्ठ मजदूर नेता मिथिलेश कुमार सिंह की पहली पुण्यतिथि शनिवार को गिद्दी में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समर्थकों, परिजनों और मजदूर नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत गिद्दी बस्ती टेहराटांड़ से निकले जुलूस के साथ हुई, जो गिद्दी चौक पहुंचा। यहां परिजनों, भाकपा (माले) और बीसीकेयू के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मिथिलेश कुमार सिंह के चित्र पर माल्यार्पण किया तथा उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) के केंद्रीय कमेटी सदस्य एवं पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि मिथिलेश कुमार सिंह ने जीवनभर मजदूरों के हक और संगठन को मजबूत बनाने के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
भाकपा (माले) के पोलित ब्यूरो सदस्य हलधर महतो ने कहा कि मिथिलेश कुमार सिंह अंतिम सांस तक लाल झंडे के नेतृत्व में मजदूर आंदोलनों को मजबूत करने के लिए सक्रिय रहे। उन्होंने वामपंथी एकता और जनसंघर्षों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि उनके अधूरे सपनों और संघर्षों को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सभा को भाकपा (माले) के केंद्रीय कमेटी सदस्य आरडी मांझी, मजदूर नेता बैजनाथ मिस्त्री, धनेश्वर तुरी, प्रदेश कमेटी सदस्य राजेंद्र गोप, जिला सचिव पच्चू राणा, शेख तैयब, धनश्याम पाठक, कैलाश महतो तथा कांग्रेस नेता शशिभूषण सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक गुप्ता ने तथा संचालन सुंदरलाल बेदिया ने किया।
सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने मजदूरों के अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसंघर्षों को मजबूत करने के लिए मिथिलेश कुमार सिंह के अधूरे संघर्षों को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाकपा (माले) एवं बीसीकेयू के कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।