रांची में आरती के दौरान मंदिर के पुजारी को आया हार्ट अटैक, पूजा करते-करते हुई मौत

Spread the love

रांची (झारखंड) : राजधानी रांची के रातू रोड स्थित इन्द्रपुरी रोड नंबर-9 स्थित एक मंदिर में सोमवार को उस समय शोक का माहौल बन गया, जब संध्या आरती के दौरान मंदिर के आचार्य रजनी कांत मिश्रा को अचानक हार्ट अटैक आ गया। पूजा-अर्चना के दौरान ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे मंदिर परिसर में ही गिर पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आचार्य रजनी कांत मिश्रा प्रतिदिन की तरह संध्या आरती कर रहे थे। इसी बीच उन्हें अचानक सीने में तकलीफ महसूस हुई और कुछ ही क्षणों में वे पूजा स्थल पर गिर पड़े। घटना से मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर मौजूद वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश सिंह और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मंदिर परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर दिवंगत पुजारी को श्रद्धांजलि अर्पित करने लगे। स्थानीय लोगों ने बताया कि आचार्य रजनी कांत मिश्रा धार्मिक और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते थे तथा क्षेत्र के लोगों के बीच उनका विशेष सम्मान था।