उपायुक्त ने नगर परिषद व छावनी परिषद के कार्यों की समीक्षा की, पार्किंग, जलापूर्ति और जनसुविधाओं पर दिए सख्त निर्देश

Spread the love

 रामगढ़ (झारखंड) : नगर परिषद एवं छावनी परिषद द्वारा संचालित विकास योजनाओं और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों निकायों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में छावनी परिषद क्षेत्र की पार्किंग व्यवस्था, जलापूर्ति, जल जमाव, यात्री शेड, सार्वजनिक शौचालय सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। शहर में व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के लिए झंडा चौक से बाजार समिति तक संभावित स्थलों की पहचान करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारियों को टीम के साथ स्थल निरीक्षण कर सरकारी भूमि चिन्हित करने एवं प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा।

जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने बंद पड़ी योजनाओं को शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए। साथ ही आईओसीएल द्वारा गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई जलापूर्ति पाइपलाइन की मरम्मत के लिए आईओसीएल, विद्युत विभाग तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जल जमाव, यात्री शेड, सार्वजनिक शौचालय निर्माण तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों के लिए संबंधित अधिकारियों को संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं शिक्षा एवं कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत संचालित योजनाओं की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने सतकौड़ी तालाब के सौंदर्यीकरण एवं अतिक्रमण हटाने की दिशा में भी शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

नगर परिषद के कार्यों की अलग से हुई समीक्षा

नगर परिषद रामगढ़ की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली। उन्होंने नगर प्रबंधकों को प्रतिदिन सुबह अपने-अपने वार्डों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, जलापूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की निगरानी करने का निर्देश दिया।

उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र में अवैध निर्माणों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने, शनिचरा बाजार में सोलर लाइट लगाने तथा सभी बाजारों एवं हाटों का निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाओं का प्रतिवेदन तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में सुगिया सहित अन्य क्षेत्रों में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, सेवटा जलापूर्ति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पीएम स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक योजना, आश्रय गृह, राजस्व संग्रहण एवं पुस्तकालय निर्माण सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने नगर परिषद क्षेत्र के चिन्हित डार्क स्पॉट पर आवश्यकता के अनुसार सोलर लाइट अथवा हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा के लिए प्रत्येक शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित करने का निर्देश भी दिया।

बैठक में नगर परिषद, छावनी परिषद एवं विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।