उपायुक्त ने नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व वार्ड पार्षदों संग की बैठक, शहरी विकास और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया जोर

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में नगर परिषद रामगढ़ की अध्यक्ष   कुसमलता कुमारी, उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता एवं सभी वार्ड पार्षदों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं में सुधार, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग और यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि शहरी विकास का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर और सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराना होना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने वार्डों की प्रमुख समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उनके समाधान की दिशा में कार्य करने का आग्रह किया।

खाली सरकारी जमीन को पार्किंग के रूप में विकसित करने का निर्देश

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी वार्ड पार्षदों को अपने-अपने क्षेत्रों में खाली पड़ी सरकारी भूमि की पहचान कर उसे पार्किंग क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही ऐसे सरकारी भवनों की सूची भी तैयार करने को कहा, जिनका वर्तमान में उपयोग नहीं हो रहा है, ताकि उनका जनहित में बेहतर उपयोग किया जा सके।

स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष फोकस

उपायुक्त ने नगर परिषद अधिकारियों को नियमित कचरा उठाव, सार्वजनिक स्थलों एवं नालियों की साफ-सफाई तथा कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी को मिलकर स्वच्छ एवं सुंदर रामगढ़ बनाने की दिशा में कार्य करना होगा।

जलापूर्ति, सड़क और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं के समाधान के निर्देश

बैठक में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने खराब चापाकलों, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन एवं अन्य जलापूर्ति संरचनाओं की शीघ्र मरम्मत कराने तथा आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क, नाली, जलजमाव और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने, नालियों की नियमित सफाई कराने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं आवश्यक स्थानों पर नई प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

विकास योजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर

उपायुक्त ने नगर परिषद क्षेत्र में संचालित एवं प्रस्तावित विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से आम जनता तक पहुंचे, इसके लिए नियमित निगरानी के साथ जनप्रतिनिधियों के सुझावों को भी गंभीरता से लिया जाए।

बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया। इनमें सड़क एवं नाली निर्माण, पेयजल, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, जलजमाव, यातायात व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। उपायुक्त ने सभी समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया।

बैठक में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, नगर परिषद के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।