रामगढ़ जिला पेंशनर कल्याण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने छावनी परिषद अस्पताल का किया दौरा, पेंशनरों को चिकित्सा सुविधाओं की दी गई जानकारी

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : रामगढ़ जिला पेंशनर कल्याण समाज का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में छावनी परिषद सार्वजनिक अस्पताल पहुंचा, जहां उन्होंने अस्पताल के निदेशक डॉ. सिद्धार्थ पाण्डे से मुलाकात की। इस दौरान अस्पताल के प्रोजेक्ट ऑफिसर डॉ. पंकज बनर्जी भी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान डॉ. सिद्धार्थ पाण्डे ने जिले के पेंशनरों को अस्पताल में उपलब्ध कराई जाने वाली चिकित्सा सुविधाओं एवं विशेष रियायतों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों के माध्यम से प्रसिद्ध चिकित्सकों द्वारा उपचार की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही हृदय, किडनी सहित विभिन्न बीमारियों की आधुनिक जांच (फिजिकल इन्वेस्टिगेशन) भी की जाती है।

उन्होंने बताया कि पंजीकृत पेंशनरों एवं उनकी आश्रित पत्नी को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, अत्याधुनिक जांच एवं फिजिकल इन्वेस्टिगेशन पर 30 प्रतिशत की छूट तथा दवाइयों पर 50 प्रतिशत की विशेष रियायत प्रदान की जाएगी।

इसके अलावा 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को भी आधार कार्ड प्रस्तुत करने पर इन सुविधाओं का लाभ मिलेगा। अस्पताल में प्रत्येक माह 25 से 30 तारीख के बीच पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा।

मुलाकात के दौरान डॉ. सिद्धार्थ पाण्डे एवं डॉ. पंकज बनर्जी ने प्रतिनिधिमंडल को अस्पताल में स्थापित अत्याधुनिक चिकित्सा मशीनों एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का भी अवलोकन कराया।

पेंशनर कल्याण समाज के पदाधिकारियों ने अस्पताल द्वारा पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों के हित में शुरू की गई इस पहल की सराहना करते हुए निदेशक डॉ. सिद्धार्थ पाण्डे तथा छावनी परिषद रामगढ़ के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष वृंदावन सिंह, संरक्षक दिलीप साहा, दूधेश्वर महतो एवं सरजू गहलोत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।