शांतिधारा फाउंडेशन ने गोविंदपुर विद्यालय के पुस्तकालय को भेंट की 40 प्रेरणादायक पुस्तकें

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड): रामगढ़ की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्था शांतिधारा फाउंडेशन के सौजन्य से मांडू प्रखंड के गोविंदपुर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पुस्तकालय को प्रेरक, शिक्षाप्रद एवं आध्यात्मिक विषयों पर आधारित 40 नई पुस्तकें उपहार स्वरूप प्रदान की गईं।

इस अवसर पर शांतिधारा फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुरेश पी. अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने, ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और उनमें नैतिक एवं सांस्कृतिक संस्कारों का विकास करने के उद्देश्य से संस्था क्षेत्र के विभिन्न मध्य विद्यालयों को चरणबद्ध तरीके से पुस्तकें उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने तथा राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान देने के लिए पाठ्यक्रम की पुस्तकों के साथ-साथ प्रेरक एवं ज्ञानवर्धक साहित्य का अध्ययन भी अत्यंत आवश्यक है।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. सुनील कुमार कश्यप ने पुस्तकें प्राप्त करते हुए शांतिधारा फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ये पुस्तकें विद्यार्थियों के बौद्धिक, नैतिक एवं सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी तथा विद्यालय के पुस्तकालय को और समृद्ध बनाएंगी।

इस अवसर पर उत्क्रमित उच्च विद्यालय की शिक्षिका कुमारी प्रतिमा भी उपस्थित रहीं। विद्यालय परिवार ने शांतिधारा फाउंडेशन की इस सामाजिक एवं शैक्षणिक पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया।